अंकिता भंडारी केस: उर्मिला सनावर को दो और नोटिस, तलाश में उत्तराखंड एसटीएफ भी शामिल

अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े ऑडियो विवाद में अभिनेत्री उर्मिला सनावर पर कानूनी शिकंजा कस रहा है। पुलिस ने ज्वालापुर और झबरेड़ा मामलों में दो और नोटिस जारी किए हैं, जिससे कुल तीन नोटिस हो गए हैं। उर्मिला के पेश न होने पर गिरफ्तारी वारंट जारी हो सकता है। उत्तराखंड एसटीएफ भी उसकी तलाश में जुट गई है। उर्मिला और सुरेश राठौर हाईकोर्ट से स्टे लेने की कोशिश कर रहे हैं।

Pride of Devbhoomi
Highlights
  • उर्मिला सनावर को दो और पुलिस नोटिस जारी
  • अंकिता भंडारी मामले में एसटीएफ भी तलाश में जुटी
  • गिरफ्तारी से बचने के लिए हाईकोर्ट में स्टे की जुगत

अंकिता भंडारी हत्याकांड में भाजपा नेताओं की भूमिका को लेकर दावों से सनसनी फैलाने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर पर कानूनी शिकंजा कसता जा रहा है। पुलिस ने गुरुवार को ज्वालापुर और झबरेड़ा में दर्ज मुकदमों को लेकर भी उसके घर पहुंचकर दो नोटिस चस्पा कर दिए।

तीन नोटिस जारी होने के बावजूद उर्मिला अभी तक पुलिस के सामने पेश नहीं हुई है। ऐसे में उर्मिला एक-दो दिन में यदि सामने नहीं आती है तो पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए कोर्ट से वारंट भी ले सकती है। सूत्र बताते हैं कि उर्मिला की तलाश में अब उत्तराखंड एसटीएफ को भी लगा दिया गया है।

भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर और खुद को उनकी पत्नी बताने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर के ऑडियो ने पूरे प्रदेश में हलचल मचाई हुई है। बातचीत में उर्मिला और सुरेश राठौर चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में भाजपा नेताओं की भूमिका का जिक्र करते सुने जा रहे हैं।

हत्याकांड में भाजपा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम का नाम घसीटने के बाद शिरोमणि गुरु रविदास विश्व महापीठ के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार की ओर से बहादराबाद थाने में उर्मिला व सुरेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। इस केस में पुलिस उर्मिला को नोटिस जारी कर चुकी है। अब पुलिस ने ज्वालापुर कोतवाली और झबरेड़ा थाने में दर्ज मुकदमों में भी उर्मिला को नोटिस जारी कर दिया है। गुरुवार को दो अलग-अलग टीमों ने सहारनपुर पहुंचकर उर्मिला के घर पर नोटिस चस्पा किए।

ऐसा बताया जा रहा है कि उर्मिला दो दिन के भीतर पुलिस के सामने नहीं आती है तो कोर्ट से गिरफ्तारी के वारंट जारी कराने की तैयारी है। दूसरी तरफ, सूत्र यह भी दावा कर रहे हैं कि उर्मिला की तलाश में अब एसटीएफ को भी शामिल कर दिया गया है। उर्मिला और सुरेश राठौर अचानक कहां भूमिगत हो गए हैं, इसको लेकर कई तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।

स्टे लेने की जुगत में दोनों

ऐसा बताया गया है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर हाइकोर्ट की शरण में पहुंच चुके हैं। सूत्र बताते हैं कि दोनों हाइकोर्ट नैनीताल से स्टे लेने की जुगत में है। स्टे मिलते ही दोनों अलग-अलग जगहों पर मीडिया से रूबरू होने की प्लानिंग कर चुके हैं। लेकिन दोनों को पुलिस क्यों नहीं ढूंढ पा रही है, यह भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

Share This Article
Follow:
पंडित विराज कुमार शर्मा इस न्यूज़ पोर्टल के मुख्य संपादक हैं श्री विराज कुमार शर्मा ने लगभग 25 से अधिक वर्षों तक विभिन्न न्यूज पेपर्स के साथ कार्य किया है जैसे दैनिक आज शाह टाइम्स और मुख्यतः उन्होंने लगभग 24 वर्ष दैनिक जागरण के साथ कार्य किया है
Leave a comment