नैनीताल।
कैंची धाम दर्शन को श्रद्धालुओं के लिए सुलभ और सुगम बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा शुरू की गई विभिन्न योजनाओं का असर अब धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। प्रशासन द्वारा इन योजनाओं से संबंधित निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है, जिसके चलते यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है।
हाल ही में पर्यटन सचिव के निर्देशों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए एक उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन किया गया था। बैठक में संबंधित विभागों को कार्यों में तेजी लाने और भविष्य की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए थे। अब इन प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आ रहा है।
साल के पहले रविवार को कैंची धाम पहुंचे श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिली। पुलिस और प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ व्यवस्थाओं को संभालते हुए नजर आया। सैलानियों और तीर्थ यात्रियों को यातायात संबंधी किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पहले से ही पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
भीमताल, नैनीताल और भवाली के थाना प्रभारी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर यातायात व्यवस्था की कमान संभाले हुए थे। बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए प्रशासन द्वारा शटल सेवा प्रारंभ की गई, जिसका सख्ती से पालन संबंधित थानों की पुलिस द्वारा कराया गया। इसी का परिणाम रहा कि कैंची धाम क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिला और श्रद्धालु काफी संतुष्ट नजर आए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल श्री मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में एसपी ट्रैफिक श्री जगदीश चंद्र एवं एडिशनल एसपी श्रीमती दीपशिखा अग्रवाल ने विभिन्न स्थानों पर स्वयं पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
एसएचओ भवाली श्री पी.एस. मेहरा एवं चौकी प्रभारी कैंची श्री सुनील कुमार भी अपनी निगरानी में यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार सक्रिय रहे।
एडिशनल एसपी श्रीमती दीपशिखा अग्रवाल ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं एसपी ट्रैफिक के निर्देशों के तहत श्रद्धालुओं को अधिक से अधिक सुविधा के साथ कैंची धाम के दर्शन कराए जाने तथा अन्य पर्यटकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए कई वैकल्पिक योजनाएं तैयार की गई हैं। इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए वे स्वयं मौके पर पहुंचकर सभी संबंधित थानों का निरीक्षण कर रही हैं, ताकि किसी भी कमी को तुरंत दूर किया जा सके।
उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में कैंची धाम दर्शन व्यवस्था को और अधिक बेहतर बनाने के लिए कई नई योजनाओं को अमल में लाया जाएगा। साथ ही श्रद्धालुओं से नियमों का पालन करने एवं प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। उन्होंने विश्वास दिलाया कि पुलिस एवं प्रशासन हर स्तर पर सतर्क है और यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।प्रशासन हर स्तर पर सजग है और यात्रा को सुविधाजनक बनाने का हर संभव प्रयास में सभी अधिकारी कार्य कर रहे हैं ।