देहरादून के रायवाला में सड़कों पर घूम रहा है गुलदार, पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में हुई कैद

देहरादून के रायवाला स्थित छिद्दरवाला के आशा प्लाट क्षेत्र में गुलदार की लगातार चहलकदमी से लोग दहशत में हैं। हाल ही में एक सीसीटीवी फुटेज में गुलदार को सड़क पर एक कुत्ते का पीछा करते देखा गया। वन विभाग द्वारा पिंजरा लगाने के बावजूद गुलदार पकड़ा नहीं जा सका है और वह रिहायशी इलाकों में घूमकर कुत्तों का शिकार कर रहा है। स्थानीय लोग ठोस सुरक्षा उपायों की मांग कर रहे हैं।

Pride of Devbhoomi
Highlights
  • छिद्दरवाला, रायवाला में गुलदार की लगातार चहलकदमी से लोग आतंकित।
  • सीसीटीवी में गुलदार को सड़क पर कुत्ते का पीछा करते देखा गया।

 रायवाला : छिद्दरवाला के आशा प्लाट क्षेत्र में इन दिनों गुलदार की लगातार चहलकदमी से लोग आतंकित हैं। कहने को वन विभाग ने गुलदार पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया है, मगर गुलदार उसकी तरफ झांकने को भी तैयार नहीं है।

वह गालियों में शिकार तलाश रहा है। बीती रात सड़क पर घूम रहा गुलदार वहां एक कुत्ते के पीछे दौड़ा। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई।

जिसमें दिखाई दे रहा है कि एक कुत्ता सड़क पर टहल रहा है, तभी वह सामने से आ रहे गुलदार को देखकर ठिठक जाता है, और फिर तेजी से वापस अपने घर की तरफ भागता है। वहीं, शिकार की तलाश में घूम रहा गुलदार कुत्ते का पीछा करता है मगर उसे पकड़ नहीं पाता।

इसके बाद गुलदार काफी देर तक दूसरे शिकार की तलाश में वहीं सड़क पर इधर-उधर मंडराता रहता है। ग्राम प्रधान गोकुल रमोला का कहना है कि शाम ढलते ही गुलदार आबादी क्षेत्र के आस-पास मंडराने लगते हैं।

अब तक वह कई कुत्तों को निवाला बना चुका है। ऐसे में बड़ी अनहोनी का खतरा बना हुआ है। क्षेत्र के लोग दहशत में हैं। महज पिंजरा लगा देने से लोगों को कैसे राहत मिल सकती है। जन सुरक्षा के ठोस उपाय किये जाने जरूरी हैं।

स्थानीय लोगों में गुलदार की दहशत

दरअसल, इन दिनों छिद्दरवाला, चकजोगीवाला व आसपास आबादी क्षेत्र में काफी दिनों से लगातार गुलदार दिखाई दे रहा है। कई बार तो राहगीरों का गुलदार से आमना-सामना भो हो चुका है। हर दिन गुलदार की चहलकदमी की वीडियो आस-पास घरों में लगे सीसीटीवी में कैद हो रही हैं।

बता दें कि यह क्षेत्र देहरादून वन प्रभाग की बड़कोट रेंज, ऋषिकेश रेंज व राजाजी टाइगर रिजर्व से सटा हुआ है। जहां काफी आबादी भी है और रोजमर्रा के काम से लोग देर रात तक आवागमन करते रहते हैं। गुलदार की मौजूदगी से स्थानीय निवासियों में लगातार भय का माहौल बना हुआ है।

देहरादून के रायवाला स्थित छिद्दरवाला के आशा प्लाट क्षेत्र में गुलदार की लगातार चहलकदमी से लोग दहशत में हैं। हाल ही में एक सीसीटीवी फुटेज में गुलदार को सड़क पर एक कुत्ते का पीछा करते देखा गया। वन विभाग द्वारा पिंजरा लगाने के बावजूद गुलदार पकड़ा नहीं जा सका है और वह रिहायशी इलाकों में घूमकर कुत्तों का शिकार कर रहा है। स्थानीय लोग ठोस सुरक्षा उपायों की मांग कर रहे हैं।

Share This Article
Follow:
पंडित विराज कुमार शर्मा इस न्यूज़ पोर्टल के मुख्य संपादक हैं श्री विराज कुमार शर्मा ने लगभग 25 से अधिक वर्षों तक विभिन्न न्यूज पेपर्स के साथ कार्य किया है जैसे दैनिक आज शाह टाइम्स और मुख्यतः उन्होंने लगभग 24 वर्ष दैनिक जागरण के साथ कार्य किया है
Leave a comment