नए साल पर देहरादून में मंदिरों में उमड़े लोग, शापिंग माल और बाजार में दिनभर रही चहल-पहल

देहरादून में नववर्ष का पहला दिन देवी-देवताओं का आशीर्वाद लेकर मनाया गया। मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जहां लोगों ने सुख-समृद्धि की कामना की। गुरुद्वारों और चर्चों में भी विशेष प्रार्थनाएं हुईं। सामाजिक संस्थाओं ने जरूरतमंदों को सामान बांटा। शहर के पार्क, मॉल और बाजार भी दिनभर गुलजार रहे, लोगों ने सैर-सपाटा और खरीदारी का आनंद लिया।

Pride of Devbhoomi
Highlights
  • नववर्ष पर देहरादून के मंदिरों में भारी भीड़ उमड़ी।
  • नववर्ष पर देहरादून के मंदिरों में भारी भीड़ उमड़ी।
  • बाजार, मॉल और पार्क भी दिनभर गुलजार रहे।

देहरादून: देवी-देवताओं का आशीर्वाद लेकर अधिकांश लोगों ने नववर्ष का पहला दिन मनाया। शहर के मंदिरों में सबसे ज्यादा भीड़ रही। लोगाें ने दर्शन कर माथा टेका व परिवार के सुख समृद्धि व उन्नति की कामना की। नये वाहन लेकर मंदिर पहुंचे लोगों ने पूजा कराई। गुरुद्वारों में अरदास जबकि चर्चों में विशेष प्रार्थना हुई।

‘विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं ने जरूरतमंदों को सामान वितरित कर इस विशेष दिन पर पुण्य कमाया। पार्क से लेकर माल व बाजार भी गुलजार रहे। कभी गुनगुनी धूप तो कई बार आसमान में छाये बादल से बढ़ी ठंडक के बीच कोई सैर सपाटा पर निकला तो कइयों ने पर्यटन स्थल से घरों की ओर रुख किया। नववर्ष नई उम्मीद लेकर आया है इसी को लेकर तो किसी ने बुरी लत का त्याग करने तो किसी ने अधूरे कार्यों को पूरा करने व जीवशैली को बेहतर करने का संकल्प लिया। आम से लेकर खास हर कोई नववर्ष के रंग में रंगा हुआ नजर आया।

नववर्ष की शुरूआत हर कोई भगवान के दर्शन के साथ करना चाह रहा था। ऐसे में सुबह से ही श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचने लगे। सिद्धपीठ मां डाटकाली, टपकेश्वर महादेव मंदिर गढ़ी कैंट, माता वैष्णो देवी योग गुफा मंदिर गढ़ी कैंट, साईं मंदिर राजपुर रोड, श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर सहारनपुर चौक, प्राचीन शिव मंदिर धर्मपुर, श्री सनातन धर्म मंदिर प्रेमनगर समेत विभिन्न मंदिरों में पहुंचे श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की।

विभिन्न कीर्तन मंडली ने भजनों का गुणगान किया। शाम को मंदिर परिसर में दीये जलाकर जीवन में भी उजियारे की कामना की। पटेलनगर स्थित श्याम सुंदर मंदिर में पूजा अर्चना के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। गढ़ी कैंट स्थित नवग्रह शनि मंदिर में ज्योतिषाचार्य डा. सुशांत राज के सानिध्य में श्रद्धालुओं ने सामूहिक हवन किया गया।

देहरादून जू, गांधी पार्क, एमडीडीए पार्क में भी लोगों ने गुनगुनी धूप के बीच आनंद लिया। एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामना देने का सिलसिला भी दिनभर चलता रहा। किसी ने मोबाइल के माध्यम से तो किसी ने उपहार देकर शुभकामनाएं दी। इंटरनेट मीडिया फेसबुक, ट्विटर, वाट्सएप शुभकामना संदेशों से पटे रहे।

मां डाटकाली के दर्शन को लगे दो घंटे

सिद्धपीठ मां डाटकाली मंदिर में माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को जाम से परेशानी का सामना करना पड़ा। एक ओर जहां मंदिर परिसर में भीड़ रही वहीं सुरंग से पहले सड़क किनारे लगे आड़े तिरछे वाहनों ने जाम को और बढ़ा दिया। जाम को देखते हुए लोगों ने सुरंग से पहले ही वाहनों को पार्किंग कर पैदल की दर्शन के लिए निकल पड़े। सुरंग शुरू होते ही श्रद्धालुओं की दो दो लाइन बनाई गई, जिससे दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को दो घंटे तक का वक्त लगा। हालांकि भक्तिभाव में डूबे श्रद्धालुओं का कहना था कि माता के दरबार में जाने से पहले जो भी कठिनाई आती है वह परीक्षा जैसी होती है, जिससे सभी को गुजरना होता है।

बुद्धा टैंपल पहुंचे लेकिन गेट बंद देख वापस लौटे

देहरादून: क्लेमेनटाउन स्थित बुद्धा टैंपल में नववर्ष पर लोग पहुंचते हैं लेकिन इस बार कई दिनों से चल रही विशेष पूजा के चलते गेट बंद रहे। गेट पर मठ प्रबंधन की ओर से आज के दिन बंद होने का नोटिस भी चस्पा किया गया। जो भी लोग यहां पहुंचे लेकिन गेट बंद देख वापस मायूस लौट गए।

संगीतमय सुंदरकांड से गूंज उठा गढ़ी कैंट

देहरादून: गढ़ी कैंट स्थित टपकेश्वर महादेव मंदिर में भी दर्शन व पूजा के लिए सुबह से ही मंदिर के सीढि़यों तक भीड़ लगी रही। हर हर महादेव से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा। वही, मंदिर प्रांगण में नववर्ष पर 19वां संगीतमय सामूहिक सुंदरकांड पाठ कर विश्व शांति, देश के चहुंमुखी विकास व राज्य की सुख शांति व समृद्धि की कामना की। पंडित कमल जोशी व मंडली ने सुंदरकांड का पाठ, भजन कीर्तन कर सभी को मंत्रमुग्ध किया। इस मौके पर मंदिर के महंत श्री 108 कृष्णा गिरी महाराज, दिगंबर भरत गिरी, माता वैष्णो देवी गुफा योग मंदिर टपकेश्वर के संस्थापक डा. बिपिन जोशी, एडवोकेट तनुज जोशी, वैभव जोशी, अमित शर्मा, ऋषभ आदि मौजूद रहे।

विशेष प्रार्थना से गूंजे चर्च

देहरादून: शहर के विभिन्न चर्चों में सुबह 11 से एक बजे तक विशेष प्रार्थना की गई। इस दौरान सभी ने नववर्ष का स्वागत व शांति, उन्नति व एकता की कामना की। राजपुर रोड स्थित सेंट थामस चर्च प्रभारी एए प्लोमर ने बताया कि हमें अपने जीवन व्यवहार व पहचान परमेश्वर के सामने रखना चाहिए।

पार्क की सैर, झूला झूलकर लिया आनंद, बाजार में भी भीड़

देहरादून: नववर्ष पर जहां युवाओं ने पार्कों में आनंद लिया वहीं, बच्चों ने भी खूब मस्ती की। गांधी पार्क समेत विभिन्न शापिंग माल परिसर में लगे झूले, ट्रेन, जंपिंग गेम, कार बाइक का आनंद लिया। वहीं खाने पीने का सामान भी बच्चों के लिए उपलब्ध रहा। वहीं, माल व बाजार में खूब भीड़ रही। साल के पहले दिन अपनों को गिफ्ट देने के लिए जहां बाजार में दुकानों पर लोग खरीदारी करते नजर आए, वहीं बच्चों को पसंदीदा खिलौने, महिलाओं ने कपड़े खरीदे। पलटन बाजार, हनुमान चौक, प्रेमनगर, राजपुर रोड आदि जगहों पर लोगों ने इस दिन को शुभ मानते हुए खाने पीने से लेकर दैनिक जरूरतों का सामान भी खूब खरीदा। इसके अलावा सेंट्रियो माल न्यू कैंट रोड, पेसिफिक माल राजपुर रोड, देहरादून माल, में काफी भीड़ रही। यहां बच्चों ने झूला झुला और कई मनोरंजक गेम खेले। बड़ों ने खरीदारी करने के साथ ही व्यंजनों का आनंद लिया।

शृंगार दर्शन के लिए देर रात तक लगी भीड़

सहारनपुर चौक स्थित श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में विश्व कल्याण के लिए समर्पित पूजा में सेवादारों व श्रद्धालुओं ने रुद्राभिषेक का पाठ करवाकर फल, फूल, मिष्ठान आदि अर्पित किया। वहीं, शाम को श्री पृथ्वीनाथ महादेव की सामूहिक आरती के बाद शृंगार हुआ। इस पल के दर्शन के लिए लोग देर रात तक मंदिरों में जुटे रहे। आरती के बाद प्रसाद वितरित किया गया। इस मौके पर दिगंबर दिनेश पुरी, आचार्य भारत भूषण भट्ट, आशीष उनियाल, नवीन गुप्ता, सोहनलाल गर्ग, विक्की गोयल, रोहित अग्रवाल, शिवम, संजय अग्रवाल, आशीष बंसल संजय गर्ग आदि मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
पंडित विराज कुमार शर्मा इस न्यूज़ पोर्टल के मुख्य संपादक हैं श्री विराज कुमार शर्मा ने लगभग 25 से अधिक वर्षों तक विभिन्न न्यूज पेपर्स के साथ कार्य किया है जैसे दैनिक आज शाह टाइम्स और मुख्यतः उन्होंने लगभग 24 वर्ष दैनिक जागरण के साथ कार्य किया है
Leave a comment