चकराता : नए साल का जश्न मनाने के लिए पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। वीकेंड और नव वर्ष के उत्सव के लिए देश भर से बड़ी संख्या में पर्यटक चकराता पहुंचे हैं। इन पर्यटकों को बर्फबारी का इंतजार है। पर्यटकों की संख्या बढ़ने से स्थानीय व्यापारी भी खुशी हैं।
चकराता होटल एसोसिएशन के दिगंबर चौहान ने बताया कि क्षेत्र के लगभग 90 प्रतिशत होटल, होमस्टे और रिजार्ट फुल हो चुके हैं, जिससे पर्यटन व्यवसाय को मजबूती मिली है। हालांकि, छावनी बाजार में सीमित पार्किंग की समस्या के कारण कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ा।
चकराता की खूबसूरत वादियां, देवदार और चीड़ के घने जंगल, ठंडी हवा और बर्फीली चोटियां सैलानियों को आकर्षित कर रही हैं। यहां आने वाले पर्यटक टाइगर फाल, लोखंडी, कोटी कानासर, देववन, चिलमिरी टाप, रामताल गार्डन और मोहिला टाप जैसे प्रमुख स्थलों का आनंद ले रहे हैं।