बड़कोट-चिन्यालीसौड़ के लिए शुरू होगी हेली सेवा, पर्यटन और आपदा राहत में मिलेगी बड़ी मदद

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी जिले में कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र की मांग पर बड़कोट-चिन्यालीसौड़ में हेली सेवा और उत्तरकाशी से चिन्यालीसौड़ होते हुए चंडीगढ़ तक नियमित रोडवेज बस सेवा शुरू होगी। यह कदम पर्यटन को बढ़ावा देगा, आपदा में सहायता करेगा और पीजीआई चंडीगढ़ जाने वाले मरीजों को राहत देगा, साथ ही रिवर्स पलायन को भी प्रोत्साहित करेगा।

Pride of Devbhoomi

 देहरादून। उत्तरकाशी जिले से हेली सेवाओं एवं परिवहन के मोर्चे पर सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र की जनता की मांगें मानते हुए बड़कोट-चिन्यालीसौड़ में हेली सेवा शुरू करने और उत्तरकाशी से चिन्यालीसौड़ होते हुए चंडीगढ़ तक नियमित रोडवेज बस संचालन के निर्देश दिए हैं।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में सोमवार को यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर दोनों मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।

इसका संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने नागरिक उड्डयन और परिवहन सचिव को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बड़कोट हेलीपैड की चहारदीवारी एवं सड़क डामरीकरण के लिए 1.88 करोड़ रुपये की स्वीकृति पर मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि हेली सेवा शुरू होने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

साथ ही किसी आपदा की स्थिति में या गंभीर मरीजों की आपातकालीन शिफ्टिंग के लिए यह सेवा बेहद उपयोगी साबित होगी। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी ने बताया कि वर्तमान में बस सेवा के अभाव में पहाड़ी क्षेत्र के निवासियों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है, विशेषकर पीजीआइ चंडीगढ़ में इलाज के लिए जाने वाले मरीजों को काफी लंबा सफर तय करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि बस सेवा के संचालन से आमजन, प्रवासी उत्तराखंडियों और व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी। यह बस सेवा चंडीगढ़ और उत्तरकाशी के बीच संपर्क को मजबूत करेगी और रिवर्स पलायन को भी प्रोत्साहित करेगी।

Share This Article
Follow:
पंडित विराज कुमार शर्मा इस न्यूज़ पोर्टल के मुख्य संपादक हैं श्री विराज कुमार शर्मा ने लगभग 25 से अधिक वर्षों तक विभिन्न न्यूज पेपर्स के साथ कार्य किया है जैसे दैनिक आज शाह टाइम्स और मुख्यतः उन्होंने लगभग 24 वर्ष दैनिक जागरण के साथ कार्य किया है
Leave a comment