अल्मोड़ा में जंगल की ओर भागते हुए खेत के बाड़े में फंसा गुलदार, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर क्षेत्र के नारंगतोली गांव में एक नर गुलदार जंगल की ओर भागते हुए खेत के बाड़े में फंस गया। वन विभाग की टीम ने पशु चिकित्सक के साथ मिलकर गुलदार को ट्रैंकुलाइज कर सुरक्षित रेस्क्यू किया। गुलदार को मृग विहार रेस्क्यू सेंटर भेज दिया गया है। वन विभाग के अनुसार गुलदार नर है और उसकी उम्र लगभग छह वर्ष है।

Pride of Devbhoomi
Highlights
  • नर गुलदार खेत के बाड़े में फंसा
  • वन विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
  • मृग विहार रेस्क्यू सेंटर भेजा गया

अल्मोड़ा: सोमेश्वर क्षेत्र के नारंगतोली गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक नर गुलदार जंगल की ओर भागते हुए खेतों के बाड़े में फंस गया। वन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे पशु चिकित्सक ने गुलदार को ट्रैंकुलाइज कर सुरक्षित रेस्क्यू किया।

गुरुवार की सुबह एक गुलदार जंगल की ओर भाग रहा था। इस दौरान वह नारंगतोली में खेत में बने बाड़े में फंस गया। जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम पशु चिकित्साधिकारी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सुरक्षित घेराबंदी में लिया गया।

वन विभाग द्वारा किसी भी प्रकार की जनहानि या वन्यजीव को नुकसान न पहुंचे, इसके लिए विशेष सावधानी बरती गई। पशु चिकित्सकों की टीम ने गुलदार को ट्रैंकुलाइज कर बेहोश किया, जिसके बाद उसका सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। रेस्क्यू के दौरान ग्रामीणों की भीड़ को दूर रखा गया, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी न हो।

रेस्क्यू किए गए गुलदार को प्राथमिक जांच के बाद मृग विहार रेस्क्यू सेंटर, एनटीडी भेज दिया गया है। वन विभाग के अनुसार गुलदार नर है और उसकी उम्र लगभग छह वर्ष बताई जा रही है। वर्तमान में वह पूरी तरह सुरक्षित है और पशु चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।

सोमेश्वर के वन क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार लोहनी ने बताया कि गुलदार की हालत सामान्य है। चिकित्सकीय परीक्षण और आवश्यक उपचार के बाद, पूरी तरह स्वस्थ होने पर उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं से बचने के लिए वन विभाग को तुरंत सूचना दें और स्वयं जोखिम न उठाएं।

Share This Article
Follow:
पंडित विराज कुमार शर्मा इस न्यूज़ पोर्टल के मुख्य संपादक हैं श्री विराज कुमार शर्मा ने लगभग 25 से अधिक वर्षों तक विभिन्न न्यूज पेपर्स के साथ कार्य किया है जैसे दैनिक आज शाह टाइम्स और मुख्यतः उन्होंने लगभग 24 वर्ष दैनिक जागरण के साथ कार्य किया है
Leave a comment