उत्तराखंड में हादसा: कार दो सौ मीटर गहरी खाई में गिरी, एक घायल और दो लापता

पिथौरागढ़-थल मार्ग पर रिण-बिछुल के पास देर रात एक ऑल्टो कार 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में एक व्यक्ति संजू गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। कार में सवार दो अन्य लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश में पुलिस और प्रशासन द्वारा सर्च ऑपरेशन जारी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Pride of Devbhoomi
Highlights
  • पिथौरागढ़-थल मार्ग पर कार 200 मीटर खाई में गिरी।
  • एक व्यक्ति घायल, ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा।
  • कार में सवार दो अन्य लोग अभी भी लापता हैं।

पिथौरागढ़। जनपद के थाना थल क्षेत्र अंतर्गत पिथौरागढ़ थल मार्ग पर रिण–बिछुल क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक कार खाई में गिर गई। प्राप्त सूचना के अनुसार एक ऑल्टो वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही थाना थल से पुलिस फोर्स मौके के लिए रवाना की गई।

संबंधित क्षेत्र के पटवारी ने बताया कि दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू कर 108 एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया है। घायल व्यक्ति बेहोशी की हालत में था। उसकी पहचान संजू पुत्र नरोत्तम प्रसाद, निवासी जीआईसी पिथौरागढ़ के रूप में हुई है।

स्वजनों से मिली जानकारी के अनुसार संजू के पिता का एक दिन पूर्व ऑपरेशन हुआ था, संजू तीन अन्य लोगों के साथ पिथौरागढ़ से थल की ओर गया था। बताया गया कि एक व्यक्ति देवलथल में ही उतर गया था, जबकि शेष तीन लोग वापस लौट रहे थे। रिण–बिछुल स्कूल के पास वाहन असंतुलित होकर खाई में गिर गया। वाहन पूरी तरह से चकनाचूर हो गया। थल थाना अध्यक्ष प्रकाश पांडे के अनुसार दुर्घटना का समय लगभग रात 11:30 बजे बताया जा रहा है।

ग्रामीण विकास चंद लखन चंद, आर्यन चंद, सागर चंद, सार्थक चंद, मनोज चंद आदि ने तत्परता दिखाते हुए खाई में उतरकर घायल संजू को मुख्य सड़क तक पहुंचाया| जिसके बाद उसे रात में ही जिला अस्पताल पिथौरागढ़ में भर्ती कराया गया। जिला अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. आशु अवस्थी ने बताया कि घायल के कमर, पैर, कान सहित शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं, हालांकि उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

स्वजनों ने बताया कि वाहन में संजू के साथ दो अन्य लोग भी सवार थे, जिनका अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस एवं प्रशासन द्वारा लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है और पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। स्वजनों के अनुसार, यह लोग वहां क्यों गए थे, यह भी पता नहीं चल पा रहा हैं।

Share This Article
Follow:
पंडित विराज कुमार शर्मा इस न्यूज़ पोर्टल के मुख्य संपादक हैं श्री विराज कुमार शर्मा ने लगभग 25 से अधिक वर्षों तक विभिन्न न्यूज पेपर्स के साथ कार्य किया है जैसे दैनिक आज शाह टाइम्स और मुख्यतः उन्होंने लगभग 24 वर्ष दैनिक जागरण के साथ कार्य किया है
Leave a comment