Uttarakhand Weather Today: उत्तराखंड में मैदानी इलाकों में घना कोहरा, पहाड़ों में पाले की चेतावनी

Uttarakhand Weather Forecast उत्तराखंड में सर्दी का सितम जारी है, मैदानी इलाकों में घना कोहरा और पर्वतीय क्षेत्रों में पाला पड़ रहा है। केदारनाथ समेत ऊंची चोटियों पर हिमपात हुआ है, जिससे ठिठुरन बढ़ी है। मौसम विभाग ने हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और देहरादून सहित कई जिलों में घने कोहरे और शीत दिवस का येलो अलर्ट जारी किया है। लोगों को ठंड से बचाव की सलाह दी गई है।

Pride of Devbhoomi

देहरादून: Uttarakhand Ka Mausam उत्तराखंड में सर्दी का सितम लगातार बढ़ता जा रहा है। मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छाने और पर्वतीय इलाकों में पाले के कारण तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।

केदारनाथ समेत प्रदेश की कई ऊंची चोटियों पर लगातार दूसरे दिन हल्का हिमपात हुआ, जिससे निचले इलाकों में भी ठिठुरन और सर्द हवाओं का असर तेज हो गया है। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन ठंड से राहत मिलने के आसार फिलहाल नहीं हैं।

शनिवार को राजधानी देहरादून में सुबह के समय घना कोहरा और धुंध छाई रही, जबकि दिन में हल्की धूप निकलने से कुछ देर के लिए राहत मिली। हालांकि शाम होते-होते मौसम का मिजाज फिर बदल गया और आंशिक बादल छा गए, जिससे ठंड और अधिक बढ़ गई।

चारधाम समेत आसपास की चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ है। वहीं, पिथौरागढ़ में पंचाचूली, राजरंभा और त्रिशूल में भी बर्फबारी हुई। मैदानी क्षेत्रों में कोहरे के कारण हवाई व रेल सेवा पर भी प्रभाव पड़ रहा है।

विभिन्न शहरों से देहरादून आने वाली 10 उड़ानें भी आधे घंटे से लेकर चार घंटे तक विलंब से पहुंचीं। मौसम विज्ञान केंद्र ने आज राज्य के सभी जनपदों में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। साथ ही यलो अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी गई है कि हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जनपदों के साथ-साथ नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून के मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाया रह सकता है।

इन जिलों में शीत दिवस की स्थिति बनने के भी आसार हैं। वहीं, प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं पाला पड़ने की आशंका जताई गई है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचने का खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, विशेषकर सुबह और रात के समय अनावश्यक यात्रा से बचने तथा ठंड से बचाव के उचित उपाय अपनाने की सलाह दी है।

उत्तराखंड के प्रमुख शहरों के तापमान

शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम
देहरादून 17.5 8.9
ऊधम सिंह नगर 14.4 11.2
मुक्तेश्वर 14.1  0.8
नई टिहरी 14.5 1.7
Share This Article
Follow:
पंडित विराज कुमार शर्मा इस न्यूज़ पोर्टल के मुख्य संपादक हैं श्री विराज कुमार शर्मा ने लगभग 25 से अधिक वर्षों तक विभिन्न न्यूज पेपर्स के साथ कार्य किया है जैसे दैनिक आज शाह टाइम्स और मुख्यतः उन्होंने लगभग 24 वर्ष दैनिक जागरण के साथ कार्य किया है
Leave a comment