देहरादून : उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में सीमित संसाधनों और अवसरों के बावजूद यहां के प्रतिभावान युवा डिजिटल युग का लाभ उठाकर न केवल अपना भविष्य संवार रहे हैं, बल्कि अन्य युवाओं के लिए भी रोजगार और करियर की नई राह खोल रहे हैं। शिवालिक कॉलेज आफ इंजीनियरिंग के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग अंतिम वर्ष के छात्र-छात्रा आयुष बहुगुणा और आकांक्षा बिष्ट ने एक अभिनव स्टार्टअप के माध्यम से पहाड़ के युवाओं को करियर गाइडेंस और रोजगार की दिशा देने का प्रयास शुरू किया है।
आयुष और आकांक्षा की ओर से विकसित यह प्लेटफॉर्म पूरी तरह तकनीक आधारित है। इसे एक डिवाइस-फ्रेंडली डिजिटल करियर गाइडेंस एवं प्लेसमेंट प्रिपरेशन प्लेटफॉर्म के रूप में तैयार किया गया है, जो मोबाइल, लेपटॉप और टेबलेट जैसे सभी डिजिटल उपकरणों पर समान रूप से सुचारू ढंग से कार्य करेगा। इस प्लेटफॉर्म का मुख्य उद्देश्य युवाओं को घर बैठे सही करियर विकल्प चुनने और उसकी प्रभावी तैयारी कराने में मदद करना है।
प्लेटफॉर्म जॉब रोल चुनने की सुविधा देगा
यह प्लेटफॉर्म उपयोगकर्ताओं को उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार जॉब डोमेन और जॉब रोल चुनने की सुविधा देगा। चयन के बाद सिस्टम संबंधित क्षेत्र के लिए आवश्यक स्किल्स, सीखने का चरणबद्ध रोडमैप और उपयुक्त कोर्स की जानकारी उपलब्ध कराएगा। डिजिटल माध्यम पर उपलब्ध होने के कारण छात्र किसी भी समय और किसी भी स्थान से अपनी तैयारी कर सकेंगे, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी।
सब्सक्रिप्शन आधारित मॉडल से मिलेगा लाभ
सब्सक्रिप्शन आधारित मॉडल पर संचालित होने वाले इस प्लेटफॉर्म में विभिन्न प्लान के अंतर्गत अलग-अलग सुविधाएं दी जाएंगी। आयुष और आकांक्षा का कहना है कि युवाओं की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए फीस किफायती रखी जाएगी, ताकि पहाड़ और ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र भी इसका लाभ उठा सकें। प्लेटफॉर्म की अंतिम कीमत और सब्सक्रिप्शन प्लान जल्द तय किए जाएंगे।
स्टार्टअप ऐसे देगा युवाओं को लाभ
यह प्लेटफॉर्म विशेष रूप से उन युवाओं के लिए लाभदायक सिद्ध होगा, जिन्हें सही करियर मार्गदर्शन या महंगे कोचिंग संस्थानों तक पहुंच नहीं मिल पाती। इसके माध्यम से युवाओं को सही करियर चयन, अनावश्यक विषयों से बचाव, नियमित टेस्ट और प्रदर्शन विश्लेषण, एआइ आधारित माक इंटरव्यू एवं आत्मविश्वास बढ़ाने जैसी सुविधाएं मिलेंगी। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के युवाओं को समान अवसर प्राप्त हो सकेंगे।
फिलहाल यह प्लेटफॉर्म वेबसाइट के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसे अभी एआइ आधारित करियर गाइडेंस और प्लेसमेंट प्रिपरेशन प्लेटफॉर्म के नाम से प्रोजेक्ट स्तर पर तैयार किया गया है, जबकि इसका अंतिम नाम लांच के समय सार्वजनिक किया जाएगा। आयुष और आकांक्षा का यह प्रयास उत्तराखंड के युवाओं के लिए रोजगार की दिशा में एक नई उम्मीद बनकर उभर रहा है।