Weather Update: हरिद्वार में कोहरे का कहर जारी, सड़कों पर रेंगते नजर आए वाहन; गुनगुनी धूप से मिली थोड़ी राहत

हरिद्वार में मंगलवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे सड़कों पर वाहन धीमी गति से चले। दोपहर में धूप निकलने से ठंड से थोड़ी राहत मिली। अधिकतम तापमान 16.5 और न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नगर निगम ने 40 स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की और रैन बसेरों का निरीक्षण कर कंबल व हीटर उपलब्ध कराए। महापौर जल्द जरूरतमंदों को कंबल वितरित करेंगी।

Pride of Devbhoomi

 हरिद्वार। धर्मनगरी मंगलवार सुबह घने कोहरे के आगोश में रही। हाईवे और संपर्क मार्गों पर वाहन रेंगते नजर आए। वहीं दोपहर बाद धूप निकलने से ठंड से थोड़ी राहत रही। बहादराबाद स्थित सौर बेधशाला से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 16.5 और 06 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

समूचा उत्तर भारत इन दिनों कड़ाके की ठंड और कोहरे की चपेट में है। धर्मनगरी में भी पिछले कुछ दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड और कोहरे ने मुश्किलें बढ़ा दी थी। सूर्यदेव के दर्शन को लोग तरस गए थे। हालांकि सोमवार को धूप खिलने से लोगों ने खासी राहत महसूस की थी।

मंगलवार सुबह भी धर्मनगरी और आसपास क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहा। हाईवे और संपर्क मार्गों पर वाहन रेंगते नजर आ रहे थे। दिन में भी हेडलाइट जलाकर वाहन चालक गंतव्यों को जाते दिखे। हालांकि दोपहर में सूर्यदेव ने दर्शन दिए। लोगों ने गुनगुनी धूप का आनंद लिया।

दिन ढलते ही सर्द हवाएं मुश्किलें बढ़ाती रही। ठंड से निजात पाने को लोग अलाव तापते देखे गए। हीटर,ब्लोअर से भी लोग ठंड भगाते दिखे। बहादराबाद स्थित सौर बेधशाल से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 16.5 और 06 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

नगर आयुक्त ने रैन बसेरों का किया निरीक्षण

कड़ाके की ठंड को देखते नगर निगम निगम प्रशासन की ओर से शहर के 40 स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गयी है। रैन बसेरों के बाहर भी अलाव जलाए जा रहे हैं। साथ ही कंबल आदि की समुचित व्यवस्था की गयी है।

नगर आयुक्त नंदन कुमार रैन बसेरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखीं। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिसके अनुपालन में 150 कंबल की व्यवस्था की गयी। जिन्हें रैन बसेरों में भिजवाया जा चुका है। वर्तमान में रैन बसेरों में गर्म कंबल और हीटर की सुविधा उपलब्ध करा दी गयी है।

नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में तीन रैन बसेरे संचालित किए जा रहे हैं। शहर के 40 से अधिक स्थानों पर अलाव जलवाए जा रहे हैं। महापौर किरण जैसल ने बताया कि जल्द जरूरतमंदों को कंबल वितरित कराए जाएंगे।

Share This Article
Follow:
पंडित विराज कुमार शर्मा इस न्यूज़ पोर्टल के मुख्य संपादक हैं श्री विराज कुमार शर्मा ने लगभग 25 से अधिक वर्षों तक विभिन्न न्यूज पेपर्स के साथ कार्य किया है जैसे दैनिक आज शाह टाइम्स और मुख्यतः उन्होंने लगभग 24 वर्ष दैनिक जागरण के साथ कार्य किया है
Leave a comment