पुरोला। मोरी तहसील के गुराड़ी गांव में बुधवार आज सुबह भीषण अग्निकांड की घटना घटी, जिसमें तीन आवासीय भवन जल गये।वहीं, 14 मवेशियों की जिंदा जलने से मौत हो गई। अग्निकांड से तीन परिवार प्रभावित हुए हैं।
जानकारी के अनुसार विकासखंड मोरी के गुराड़ी गांव में बुधवार सुबह करीब 5 बजकर 19 बजे तीन ग्रामीणों के आवासीय भवन में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते भवनों को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। ग्राम प्रधान गुराडी ने दूरभाष पर अग्निकांड की सूचना दी, जिस पर राजस्व विभाग, फायर सर्विस, एसडीआरएफ, पुलिस, पशु चिकित्सा व 108 की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। जिसने स्थानीय लोगों के सहयोग से लगभग 7:35 पर आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक आवासीय भवन पूरी तरह जल चुके थे। वहीं, उनमें रखा दैनिक उपभोग की खाद्यान्न सामग्री, बिस्तर व बर्तन आदि जल चुके थे।
अग्निकांड में रामचन्द्र पुत्र धर्म दत्त गांव की 2 गाय, 1 बैल, भरत मणि पुत्र केदार दत्त की 5 बकरी, 1 गाय, ममलेश पुत्र भरत मणि की 2 भेड़, 1 गाय, 2 बकरी की जिंदा जलने से मौत हो गई। तहसीलदार मोरी ने बताया कि घटना का कारण शॉर्टसर्किट होना बताया गया है।
वहीं, अग्निकांड के बाद राजस्व विभाग मोरी ने प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरण किया है, जिसमें प्रति परिवार को 2 कम्बल, 1 तिरपाल, 5000 हजार रुपये की नगद धनराशि दी गयी है। बता दें कि बीते 29 दिसंबर को भी मोरी के सट्टा गांव में भीषण अग्निकांड में चार आवासीय घर जल गये थे, घटना में एक बुजुर्ग की भी जिंदा जलने से मौत हुई थी।