VIP कौन? अंकिता भंडारी हत्याकांड में शासन ने सीबीआइ जांच की सिफारिश कर केंद्र सरकार को भेजा पत्र

अंकिता भंडारी हत्याकांड में उत्तराखंड सरकार ने वीआईपी कोण की जांच के लिए केंद्र सरकार से सीबीआई जांच की सिफारिश की है। गृह सचिव शैलेश बागैली ने केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग को पत्र लिखकर पारदर्शिता और न्याय सुनिश्चित करने हेतु यह अनुरोध किया। अंकिता के माता-पिता की मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद यह कदम उठाया गया, क्योंकि सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो-वीडियो ने वीआईपी संलिप्तता पर सवाल उठाए थे।

Pride of Devbhoomi
Highlights
  • उत्तराखंड सरकार ने सीबीआई जांच की सिफारिश की।
  • वीआईपी कोण की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित होगी।

 देहरादून। अंकिता भंडारी प्रकरण में वीआइपी वाले कोण की जांच को लेकर उत्तराखंड शासन ने कदम आगे बढ़ाया है। राज्य सरकार ने इस मामले की सीबीआइ जांच कराने के लिए केंद्र सरकार को औपचारिक अनुरोध भेजा है।

गृह सचिव शैलेश बागैली ने सचिव, केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग को पत्र भेजकर कहा कि प्रकरण में पारदर्शिता और न्याय सुनिश्चित करने के लिए सीबीआइ जांच जरूरी है।

अंकिता भंडारी प्रकरण प्रदेश में लंबे समय से चर्चा में है। मामले के तीनों आरोपितों को निचली अदालत ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।

इसके बावजूद प्रकरण में वीआइपी जुड़े होने के कोण पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। घटना के तुरंत बाद एसआइटी का गठन कर विस्तृत जांच की गई थी और आरोपितों को गिरफ्तार किया गया था। अब यह मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है।

हाल ही में इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुए एक आडियो-वीडियो ने प्रकरण में वीआइपी को लेकर सवाल उछाले थे। इस बीच अंकिता भंडारी के माता-पिता ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर सीबीआइ जांच की मांग की थी। इसी अनुरोध को ध्यान में रखते हुए शासन ने केंद्र को पत्र भेजकर जांच की संस्तुति की है।

पत्र में गृह सचिव शैलेश बागैली ने लिखा है कि इस प्रकरण में इंटरनेट पर लगातार खबरें और आरोप सामने आ रहे हैं। न्याय और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मामले की सीबीआइ जांच आवश्यक है। केंद्र को भेजे पत्र में कहा गया है कि एफआइआर के आधार पर इस जांच को तुरंत कराया जाए ताकि वीआइपी कोण समेत सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच हो सके।

Share This Article
Follow:
पंडित विराज कुमार शर्मा इस न्यूज़ पोर्टल के मुख्य संपादक हैं श्री विराज कुमार शर्मा ने लगभग 25 से अधिक वर्षों तक विभिन्न न्यूज पेपर्स के साथ कार्य किया है जैसे दैनिक आज शाह टाइम्स और मुख्यतः उन्होंने लगभग 24 वर्ष दैनिक जागरण के साथ कार्य किया है
Leave a comment