फूलों की घाटी में लगी भीषण आग से निपटने के लिए मांगी IAF से मदद, चार दिन की मशक्कत के बाद वन विभाग ने मानी हार

उत्तराखंड की फूलों की घाटी रेंज में चार दिनों से भीषण आग लगी है। जिसे बुझाने में वन विभाग विफल रहा है। नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के अधिकारियों ने विकट परिस्थितियों के कारण आईटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और वायु सेना से मदद मांगी है। चट्टानों से पत्थर गिरने और सूखे पेड़ों के कारण आग बुझाना मुश्किल हो रहा है। विश्व धरोहर फूलों की घाटी को बचाने के लिए जिला प्रशासन भी सक्रिय हो गया है।

Pride of Devbhoomi

गोपेश्वर। ज्योतिर्मठ के फूलों की घाटी रेंज में चार दिन से लगी आग को बुझाने में वन विभाग ने हाथ खड़े कर दिए हैं। नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के अधिकारियों ने विकट परिस्थितियों का हवाला देते हुए प्रशासन से आग बुझाने के लिए आइटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और वायु सेना की सहायता मांगी है।

दो टीम रास्ते में ही है

हालांकि, आग बुझाने के लिए निकली नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क की दो टीमें अब तक मौके पर ही नहीं पहुंच पाई हैं और रास्ते में ही डेरा डाले हुए हैं। आग लगने का कारण चट्टानों से गिरे पत्थरों के टकराने से निकली चिंगारियों को माना जा रहा है।

चार दिन से जल रहे जंगल

नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क क्षेत्र के तहत फूलों की घाटी रेंज में लक्ष्मण गंगा व अलकनंदा नदी के बीच की पहाड़ियों में चार दिनों से जंगल आग से जल रहे हैं। यह नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क का बफर जोन है।

बना हुआ है जान का खतरा

फूलों की घाटी रेंज की वन क्षेत्राधिकारी चेतना कांडपाल के नेतृत्व में वन विभाग की दो टीमें मौके पर मौजूद हैं, लेकिन पहाड़ियों से गिरते पत्थर और पेड़ों के कारण आग बुझाना तो दूर, उस क्षेत्र में जाना भी खतरे से खाली नहीं है।

अधिकारियों को भेजी रिपोर्ट

रेंजर ने विभागीय अधिकारियों को भेजी रिपोर्ट में कहा है कि क्षेत्र में सूखी झाड़ियों और पेड़ों के कारण आग की तीव्रता बढ़ रही है, जिससे वर्तमान टीमों से आग बुझाना संभव नहीं है।

वायु सेना से मांग गई है मदद

इसलिए भारतीय वायु सेना, एसडीआरएफ, आइटीबीपी आदि की मदद से ही आग पर काबू पाया जा सकता है। अगले 10 दिनों तक वर्षा की भी कोई संभावना नहीं है, ऐसे में विश्व धरोहर फूलों की घाटी क्षेत्र को आग से बचाने के लिए त्वरित कदम उठाना आवश्यक है।

रिपोर्ट के बाद प्रशासन हुआ सक्रिय

विश्व धरोहर फूलों की घाटी पर मंडरा रहे आग के खतरे को लेकर वन विभाग की ओर से भेजी गई रिपोर्ट के बाद जिला प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन एवं पुर्नवास सचिव को वस्तु स्थितियों से अवगत कराते हुए अग्रिम कार्रवाई का अनुरोध किया है।

आग बुझाने में जताई असमर्थता

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के अधिकारियों द्वारा दी गई रिपोर्ट चिंताजनक है। फायर कंट्रोल टीम द्वारा विषम परिस्थितियों का हवाला देकर आग बुझाने में असमर्थता जताई गई है।

शासन को भेजी गई है रिपोर्ट

इस क्षेत्र से लगी फूलों की घाटी विश्व धरोहर है। ऐसे में आग बुझाने के लिए आइटीबीपी, वायु सेना, एसडीआरएफ की मदद मांगी गई है, जिस पर शासन को रिपोर्ट भेजकर कार्रवाई का अनुरोध किया गया है।

Share This Article
Follow:
पंडित विराज कुमार शर्मा इस न्यूज़ पोर्टल के मुख्य संपादक हैं श्री विराज कुमार शर्मा ने लगभग 25 से अधिक वर्षों तक विभिन्न न्यूज पेपर्स के साथ कार्य किया है जैसे दैनिक आज शाह टाइम्स और मुख्यतः उन्होंने लगभग 24 वर्ष दैनिक जागरण के साथ कार्य किया है
Leave a comment