Uttarakhand Weather Today: बदलेगा मौसम का मिजाज, पश्चिमी विक्षोभ से पहाड़ों में वर्षा-बर्फबारी के आसार

Uttarakhand Weather Forecast उत्तराखंड में लंबे समय से शुष्क मौसम के बाद अब बदलाव के संकेत हैं। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से शुक्रवार से पहाड़ों में वर्षा-बर्फबारी की संभावना है। मंगलवार को देहरादून में बादल छाए रहे, जिससे तापमान गिरा और ठंड बढ़ी। मैदानी इलाकों में घना कोहरा और शीत दिवस का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले दो दिन मौसम शुष्क रहेगा।

Pride of Devbhoomi

 देहरादून। Uttarakhand Ka Mausam उत्तराखंड के अधिकांश क्षेत्रों में लंबे समय से शुष्क मौसम बना हुआ है, लेकिन अब मौसम के मिजाज में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं।

मंगलवार को देहरादून समेत आसपास के इलाकों में बादल छाए रहे, जिससे अगले कुछ दिन में वर्षा की उम्मीद जगी है।

हालांकि, इससे कई क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई और ठिठुरन बढ़ गई। प्रदेश में अगले दो दिन मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।

हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आगामी शुक्रवार से पहाड़ों में वर्षा-बर्फबारी हो सकती है।

देहरादून में मंगलवार को सुबह हल्की धुंध व कोहरा छाया रहा। हालांकि, उसके बाद हल्की धूप खिली। दिन में धूप और बादलों की आंख-मिचौनी चलती रही।

इसके साथ ही हवाएं चलने से ठिठुरन बढ़ गई। हालांकि, शाम को आसमान साफ हो गया। उधर, पहाड़ों में भी सर्द हवाओं से कंपकंपी बढ़ गई और कहीं-कहीं आंशिक बादल भी मंडराते रहे।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज राज्य के सभी जनपदों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि, ठंड से राहत के आसार फिलहाल नजर नहीं आ रहे हैं।

हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर के साथ ही नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून जनपदों के मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं पाला पड़ने की संभावना जताई गई है, जिससे फसलों और बागवानी को नुकसान पहुंच सकता है।

ऊधम सिंह नगर और हरिद्वार जनपदों में शीत दिवस की स्थिति को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।

उधर, शुक्रवार को राज्य के उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की वर्षा या बर्फबारी होने की संभावना है।

उत्तराखंड के प्रमुख शहरों के तापमान

शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
देहरादून 19.8 6.5
ऊधम सिंह नगर 19.5 5.6
मुक्तेश्वर 18.7 3.3
नई टिहरी 14.8 3.6
Share This Article
Follow:
पंडित विराज कुमार शर्मा इस न्यूज़ पोर्टल के मुख्य संपादक हैं श्री विराज कुमार शर्मा ने लगभग 25 से अधिक वर्षों तक विभिन्न न्यूज पेपर्स के साथ कार्य किया है जैसे दैनिक आज शाह टाइम्स और मुख्यतः उन्होंने लगभग 24 वर्ष दैनिक जागरण के साथ कार्य किया है
Leave a comment