IND vs NZ ODI 2026: जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या को 2026 टी20 विश्व कप की तैयारी के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से आराम दिया जा सकता है, हालांकि वे टी20आई सीरीज खेलेंगे। वहीं, चोट से उबर रहे श्रेयस अय्यर की विजय हजारे ट्रॉफी के जरिए से वापसी की उम्मीद है, जिससे न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे टीम में उनकी जगह बन सकती है।
बता दें कि हार्दिक पांड्या ने मार्च में चैम्पियंस ट्रॉफी के बाद कोई ODI नहीं खेला है, जबकि बुमराह ने साल 2023 वर्ल्ड कप के बाद ODI में हिस्सा नहीं लिया।
श्रेयस अय्यर की वापसी की उम्मीद
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) के सचिव उन्मेष खानविलकर ने बताया कि वे भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर से उनकी उपलब्धता को लेकर बात करेंगे। अय्यर फिलहाल चल रही विजय हजारे ट्रॉफी के अगले मैचों में खेल सकते हैं या नहीं, इसे लेकर चर्चा की जाएगी।
बता दें कि अय्यर को अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी वनडे के दौरान स्प्लीन में गंभीर चोट लगी थी। वे 25 दिसंबर से बेंगलुरु में बीसीसीआई के ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ (CoE) में अपनी फिटनेस की जांच करा रहे हैं।
हाल ही में अय्यर ने हल्की जिम ट्रेनिंग और नेट प्रैक्टिस शुरू कर दी है। उन्होंने CCI के नेट्स में लगभग 30-34 मिनट बैटिंग की। अगर CoE से मंजूरी मिलती है, तो अय्यर मुंबई के लिए विजय हजारे ट्रॉफी के 3 और 6 जनवरी वाले मैच खेल सकते हैं।
अगर अय्यर जल्द फिट हो जाते हैं, तो न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI टीम में उनकी वापसी टीम के लिए बड़ा फायदा होगी। इससे भारत को 2027 वर्ल्ड कप की तैयारी में मदद मिलेगी।
IND vs NZ ODI Series 2026: वनडे सीरीज का शेड्यूल-
पहला मैच: वडोदरा, 11 जनवरी 2026
दूसरा मैच: राजकोट, 14 जनवरी 2026
तीसरा मैच: इंदौर, 18 जनवरी 2026