Uttarakhand Weather: हिमपात से हिमालयी गांवों में शीतलहर का प्रकोप, 0 डिग्री तक गिरा पारा; जमा नलों का पानी

हिमपात के बाद बागेश्वर के हिमालयी गांवों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है, जिससे नलों का पानी जम गया है और पेयजल संकट गहरा गया है। घने कोहरे और पाले से जनजीवन प्रभावित है, पशुपालकों को भी चारे की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

Pride of Devbhoomi
Highlights
  • बागेश्वर में हिमपात के बाद कड़ाके की ठंड।
  • तापमान शून्य डिग्री, नलों का पानी जमा।

बागेश्वर । जिले के ऊंचाई वाले गांवों की पहाड़ियों में हुए हिमपात के बाद पूरे क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। हिमपात के बाद रात में मौसम साफ रहने से जिले में जमकर पाला गिरा, जिससे सुबह तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। घाटी वाले क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे ठंड और अधिक बढ़ गई।

हिमालयी गांवों में हालात ज्यादा गंभीर हैं। कई स्थानों पर नलों में पानी जमने लगा है, जिससे पेयजल संकट खड़ा हो गया है। ठंड से बचाव के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। वहीं, पशुपालकों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। पाले और नमी के कारण सूखी घास भीगने से मवेशियों के चारे की समस्या शुरू हो गई है, जिससे पशुपालक चिंतित नजर आ रहे हैं।

मौसम में अचानक आई ठंड से बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत पड़ रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह-शाम ठंड का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि जिले में शीतलहर को लेकर प्रशासन सतर्क है। संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। उन्होंने लोगों से अनावश्यक रूप से सुबह और देर रात घर से बाहर न निकलने, गर्म कपड़ों का उपयोग करने और बुजुर्गों व बच्चों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। साथ ही पेयजल और पशुपालन से जुड़ी समस्याओं पर नजर रखी जा रही है। कहा कि सभी तहसीलों में अलाव की व्यवस्था की गई है।

Share This Article
Follow:
पंडित विराज कुमार शर्मा इस न्यूज़ पोर्टल के मुख्य संपादक हैं श्री विराज कुमार शर्मा ने लगभग 25 से अधिक वर्षों तक विभिन्न न्यूज पेपर्स के साथ कार्य किया है जैसे दैनिक आज शाह टाइम्स और मुख्यतः उन्होंने लगभग 24 वर्ष दैनिक जागरण के साथ कार्य किया है
Leave a comment