24 मार्च 2025 को पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी ने उर्मिला और एक युवक के खिलाफ रानीपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि 21 और 22 मार्च को पूर्व विधायक की पत्नी के मोबाइल पर आपत्तिजनक फोटो भेजकर रकम मांगी थी। साथ ही छवि धूमिल करने की साजिश रची गई। इसके अलावा उर्मिला ब्लैकमेलिंग के एक और मामले में भी वांछित है।
राठौर के आवास पर नोटिस चस्पा
हरिद्वार पुलिस के बाद दून पुलिस ने भी ज्वालापुर में पूर्व विधायक सुरेश राठौर के आवास पर नोटिस चस्पा किया। देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाने में भाजपा नेत्री आरती गौड़ ने राठौर और उर्मिला पर केस दर्ज कराया था, जिसमें अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उनकी छवि धूमिल करने का आरोप है।
विवादित ऑडियो मामले में भी पुलिस कर रही तलाश
पिछले दिनों उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर पूर्व विधायक सुरेश राठौर का कथित ऑडियो जारी किया था। इसमें अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कुछ चौंकाने वाले दावे किए गए थे। ऑडियो में आरोप लगाया गया था कि अंकिता मामले में कथित वीआईपी एक वरिष्ठ भाजपा नेता थे। इस मामले में उर्मिला और राठौर के खिलाफ हरिद्वार-देहरादून में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस नोटिस जारी किए लेकिन दोनों पेश नहीं हुए। एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह के अनुसार, पुलिस टीमें उर्मिला और राठौर की तलाश में जुटी हैं।