अब बदरीनाथ व यमुनोत्री के लिए भी हेली शटल सेवाएं, औपचारिकताओं को पूरा कर रहा यूकाडा

उत्तराखंड में बदरीनाथ और यमुनोत्री के लिए भी हेली शटल सेवाएं जल्द शुरू होंगी। यूकाडा (UKAADA) औपचारिकताओं को पूरा कर रहा है, जिससे इन तीर्थ स्थलों की यात्रा सुगम हो जाएगी। यह कदम चार धाम यात्रा को बढ़ावा देने और पर्यटकों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है। इससे श्रद्धालुओं को यात्रा में कम समय लगेगा और वे आसानी से दर्शन कर सकेंगे।

Pride of Devbhoomi
Highlights
  • बदरीनाथ और यमुनोत्री के लिए हेली शटल सेवा
  • यूकाडा द्वारा औपचारिकताओं को पूरा करने की प्रक्रिया
  • उत्तराखंड पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

देहरादून। प्रदेश सरकार चारधाम यात्रा को और अधिक सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में लगातार नए कदम उठा रही है। इसी क्रम में आगामी वर्ष से केदारनाथ के साथ-साथ बदरीनाथ और यमुनोत्री धाम के लिए भी हेली शटल सेवाएं शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इससे न केवल श्रद्धालुओं की यात्रा आसान होगी, बल्कि दुर्गम पर्वतीय मार्गों पर भीड़ और दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सकेगा।

प्रदेश में अभी चारधाम यात्रा के दौरान केवल केदारनाथ धाम के लिए ही शटल सेवाएं संचालित होती हैं। ये सेवाएं फाटा, सिरसी और गुप्तकाशी से संचालित की जाती हैं। इन सेवाओं से हजारों श्रद्धालु लाभान्वित हो रहे हैं। इसी अनुभव को आधार बनाकर सरकार अब अन्य धामों तक भी यह सुविधा विस्तारित करने जा रही है। इस कड़ी में अब बदरीनाथ और यमुनोत्री के लिए भी हेली सेवाएं संचालित करने की तैयारी है।

इसके तहत बदरीनाथ धाम के लिए हेली शटल सेवा गौचर से, जबकि यमुनोत्री धाम के लिए शटल सेवा जानकी चट्टी से संचालित की जाएगी। इस संबंध में उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) को प्रस्ताव भेजा था। डीजीसीए ने इसकी अनुमति देने से पहले कुछ आवश्यक औपचारिकताएं और तकनीकी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए हैं।

इनमें हेलीपैड की सुरक्षा जांच, उड़ान मार्गों का निर्धारण, मौसम संबंधी व्यवस्थाएं, आपातकालीन सेवाएं और संचालन से जुड़े मानकों को शामिल किया गया है। इन सभी प्रक्रियाओं के पूर्ण होने के बाद यहां हेली सेवाओं का मार्ग प्रशस्त हो सकेगा। इन दोनों स्थानों के लिए हेली सेवाएं शुरू होने से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी बल्कि इन धामों पर अनावश्यक यातायात दबाव से भी छुटकारा मिल सकेगा।

सचिव नागरिक उड्डयन सचिन कुर्वे ने कहा कि चारधाम यात्रा को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए यह योजना बनाई गई हैं। उन्होंने कहा कि बदरीनाथ के लिए जल्द टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे। यमुनोत्री के लिए अभी कुछ औपचारिकताएं शेष हैं। इस पर कार्य किया जा रहा है।

Share This Article
Follow:
पंडित विराज कुमार शर्मा इस न्यूज़ पोर्टल के मुख्य संपादक हैं श्री विराज कुमार शर्मा ने लगभग 25 से अधिक वर्षों तक विभिन्न न्यूज पेपर्स के साथ कार्य किया है जैसे दैनिक आज शाह टाइम्स और मुख्यतः उन्होंने लगभग 24 वर्ष दैनिक जागरण के साथ कार्य किया है
Leave a comment